Site icon Bharat India Times

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में 90 मिनट की स्पीच

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोल रहे थे। 90 मिनट की स्पीच की शुरुआत उन्होंने कांग्रेस से की और मोदी 3.0 पर खत्म किया। इस दौरान वे नेहरू, राहुल, OBC, एससी-एसटी, आरक्षण और PSU समेत कई मुद्दों पर बोले। उन्होंने कांग्रेस के लिए युवराज और कमांडो जैसे शब्द भी इस्तेमाल किए। प्रधानमंत्री ने स्पीच की शुरुआत में कहा- कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी ने मुझे 400 सीटों का आशीर्वाद दिया। पश्चिम बंगाल से आपको जो चैंलेज मिला है कि कांग्रेस 40 पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं। ममता बनर्जी ने कहा था कि इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 40 सीटें भी नहीं बचा पाएगी।

PM ने राहुल गांधी के सरकारी कंपनियों के बंद होने के आरोपों पर कहा- कांग्रेस ने अपने युवराज को स्टार्टअप बनाकर दिया है। ना वो लिफ्ट हो रहा है और ना ही वो लॉन्च हो रहा है। प्रचार किया जा रहा है कि PSU बंद हो गए। 2014 में देश में 234 PSU थे। आज 254 हैं। भाई कौन सा अर्थमेटिक्स वो जानते हैं।

इससे पहले लोकसभा में 5 फरवरी को मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था। कहा था कि एक ही प्रोडक्ट को कई बार लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस की दुकान पर ताला लगने की नौबत आ गई है। देश के साथ-साथ कांग्रेस भी परिवारवाद का खामियाजा भुगत रही है।

अपडेट्स

03:40 PM 7 फ़रवरी 2024

आने वाली सदियां स्वर्णिम काल को इतिहास में दर्ज करेगी

ये शब्दों का खेल नहीं है, ये हमारा कमिटमेंट है। हमारी हर सांस, हर पल इसीलिए समर्पित है। इसी भावना के साथ हम चल रहे हैं, चलते रहेंगे। आने वाली सदियां स्वर्णिम काल को इतिहास में दर्ज करेंगी। देश की जनता का मिजाज मैं समझ रहा हूं। देश ने बदलाव के 10 साल देखे हैं। हर संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाना हमारी कार्य शैली का हिस्सा है। देश के सामने डंके की चोट पर सत्य रखने का मौका मिला।

03:32 PM 7 फ़रवरी 2024

आने वाले 5 साल महत्वपूर्ण

आने वाले 5 साल में मेड इन इंडिया सेमी कंडक्टर पहचान बनाएंगे। इलेक्ट्रिक बाजार में एक नई गति का सामर्थ्य देश देखेगा। लाखों-करोड़ रुपए का तेल इम्पोर्ट करते हैं, हम ऊर्जा पैदा कर आत्मनिर्भर बनेंगे।

03:30 PM 7 फ़रवरी 2024

बुलेट ट्रेन देखेगा देश और वंदे भारत बढ़ेंगी

5 साल देश में पाइप से गैस के कनेक्शन दिए जाएंगे। युवा शक्ति का दम पूरी दुनिया देखेगी। हमारे युवा स्टार्टअप, यूनिकॉर्न की संख्या लाखों में होने वाली है। टियर टू, टियर थ्री सिटी स्टार्टअप की पहचान के साथ उभरेगा। रिकॉर्ड पेटेंट फाइल होने का दिन आने वाला है।

लाखों बच्चे विदेश जाते हैं, बेस्ट यूनिवर्सिटी देश में हो ये चाहता हूं। बच्चों और परिवार को पैसा मिले। कोई भी इंटरनेशनल खेल प्रतियोगिता नहीं होगी, जहां भारत का झंडा ना लहरा रहा हो। भारत का पब्लिक ट्रांसपोर्ट ट्रांसफॉर्म होने वाला है। तेज और शानदार यात्रा की सुविधा मिलने वाली है। बुलेट ट्रेन देखेगा देश और वंदे भारत बढ़ेंगी।

03:29 PM 7 फ़रवरी 2024

हमारी सरकार का तीसरा टर्म दूर नहीं, कुछ लोग इसे मोदी 3.O कहते हैं

हमारी सरकार का तीसरा टर्म दूर नहीं। कुछ लोग इसे मोदी 3.O कहते हैं। मोदी 3.O विकसित भारत की नीव को मजबूत करने के लिए है। अगले 5 साल भारत में डॉक्टर, मेडिकल कॉलेज बढ़ेंगे। इलाज सस्ता और सुलभ होगा। हर गरीब के घर में नल से जल का कनेक्शन होगा। गरीब को पीएम आवास दिए जाएंगे। एक भी वंचित नहीं रहेगा। सोलर पावर से बिजली बिल जीरो होगा। देश के करोड़ों लोगों को फायदा होगा। अपने घर पर बिजली बनाकर बेच पाएंगे।

03:28 PM 7 फ़रवरी 2024

विकास का रास्ता और दिशा जो पकड़ी है, उसे धीमा नहीं होने देंगे

देश जानता है और इसीलिए मैंने गारंटी दी है गरीबों को 5 लाख रुपए तक की सुविधा आगे भी मिलती रहेगी। गारंटी है 80 फीसदी डिस्काउंट से दवाइयां मिलती रहेंगी। मोदी की गारंटी है कि किसानों को सम्मान निधि मिलती रहेगी ताकि विकास की यात्रा में ताकत के साथ जुड़ जाएं। पक्के घर देने का प्रोग्राम, नल से जल योजना जारी रहेगी। काम तेजी से करेंगे, विकास का रास्ता और दिशा जो पकड़ी है, उसे धीमा नहीं होने देंगे।

03:28 PM 7 फ़रवरी 2024

गरीबी से बाहर आए लोगों को मुफ्त अनाज मिलता रहेगा

हमने सामाजिक न्याय का जो मोदी कवच दिया है, उसे और मजबूत करेंगे। आज कल जब हम कहते हैं कि 25 करोड़ गरीबी से बाहर आए, तो कुतर्क दिया जाता है कि 80 करोड़ को खाना क्यों देते हैं। बीमार को अस्पताल से बाहर आने पर डॉक्टर कहता है ना कि कुछ वक्त खाने-पीने का ध्यान रखिए। इसीलिए गरीबी से बाहर आने पर न्यू मिडिल क्लास का ध्यान ज्यादा रखा जाता है। हम अनाज देते हैं और देते रहेंगे।

03:23 PM 7 फ़रवरी 2024

हमारा टैक्स, हमारी मनी, ऐसा बोलना देश के भविष्य के लिए खतरा है

एक पूरी सरकार मैदान में आकर गलत नैरेटिव गढ़ रही है। झारखंड का बच्चा ओलिंपिक्स में मेडल लेकर आएगा तो हम ये कहेंगे कि तू झारखंड का है। हम ये कहते हैं कि ये देश का बच्चा है। हम क्या कर रहे हैं, क्या भाषा बोल रहे हैं। वैक्सीन देश के उस कोने में बनी थी, उस शहर में बनी थी इसलिए देश के बाकी हिस्सों को उसका लाभ नहीं मिलेगा। क्या सोच है, एक राष्ट्रीय दल में ऐसी सोच बनी। हिमालय बोलना शुरू कर दे कि नदियां मेरे यहां से बहती हैं, पानी का अधिकार मेरा है। जिन राज्यों में कोयला है, वो कह दें कि कोयला नहीं मिलेगा। कोविड के समय ऑक्सीजन की जरूरत थी। पूरब के लोग कह देते कि ऑक्सीजन नहीं देंगे, उन्होंने संकट झेलकर विदेशों तक ऑक्सीजन पहुंचाई। हमारा टैक्स, हमारी मनी, ऐसा बोलना देश के भविष्य के लिए खतरा है। देश को तोड़ने के लिए नए नैरेटिव खोजना बंद कर दो।

03:22 PM 7 फ़रवरी 2024

पैर में कांटा लगे तो हाथ ये नहीं सोचता कि पैर को लगा, मैं क्यों करूं

आज एक अहम मुद्दे पर पीड़ा व्यक्त कर रहा हूं। एक राष्ट्र हमारे लिए जमीन का टुकड़ा नहीं। एक प्रेरणा देने वाली इकाई है। अगर पैर में कांटा लगे तो हाथ ये नहीं सोचता कि पैर को लगा, मैं क्यों करूं। हाथ तुरंत पैर तक पहुंचता है। हिंदुस्तान के किसी भी कोने में दर्द हो तो पीड़ा सभी को होनी चाहिए। शरीर का एक अंग काम नहीं करता तो पूरा शरीर अपंग माना जाता है। देश का कोई अंग विकास से वंचित होता है तो देश विकसित नहीं माना जाएगा। हमें अलग-अलग नहीं देखना चाहिए।

03:18 PM 7 फ़रवरी 2024

80 फीसदी ताकत राज्यों से मिल रही है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ईमानदारी से देश के भविष्य के लिए हम काम करते हैं। 26 जनवरी को कितना काम रहता है, 25 जनवरी को फ्रांस के राष्ट्रपति को राजस्थान की गलियां घुमा रहा था।

एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट में राज्यों का सहयोग है। 80 फीसदी ताकत राज्यों से मिल रही है। ये सबके सहयोग से हो रहा है। हमारे कार्यक्रमों की रचना ही सबके कार्यक्रमों को साथ लेकर चल रही है। देश का हर कोना विकास का फल प्राप्त करे, यही योजना है।

03:17 PM 7 फ़रवरी 2024

हमने जी-20 में एक-एक राज्य को एक्सपोजर दिया

दिल्ली में जी-20 का आयोजन कर सकते थे। हमने जी-20 का पूरा यश राज्यों को दिया। दिल्ली में एक मीटिंग की राज्यों में 200 कीं। एक-एक राज्य को एक्सपोजर दिया। ये गलती से नहीं, योजना से हुआ। हम सब मिलकर देश को बढ़ाना चाहते हैं इस नीति से हुआ।

मेहमान आ रहे हैं, पहले भी आते थे। मेरा आग्रह रहता है कि एक दिन किसी राज्य में जाइए। उन्हें पता चले कि देश दिल्ली में ही नहीं चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुरी में भी है। पूरे देश को एक्सपोजर मिले, इसके लिए कोशिश करता हूं।

03:15 PM 7 फ़रवरी 2024

मेरा मंत्र- देश के लिए राज्य का विकास

उस समय भी मेरा मंत्र था और आज भी मंत्र है। देश के लिए राज्य का विकास। भारत के विकास के लिए राज्य का विकास। राज्य एक कदम चलता है तो दो कदम चलने की ताकत हम रखते हैं।

सभी राज्यों के साथ केंद्र ने एक टीम बनकर काम किया। हमने सबने मिलकर देश को बचाने के लिए जो हो सका, वो किया। राज्यों को क्रेडिट लेने का अधिकार है।

03:14 PM 7 फ़रवरी 2024

10 साल यूपीए की पूरी शक्ति गुजरात को क्या कुछ नहीं करने में लगी थी

ये सच्चाई है कि 10 साल यूपीए की पूरी शक्ति गुजरात को क्या कुछ नहीं करने में लगी थी कि कल्पना नहीं कर सकते। मैं आंसू नहीं बहाता। इतने संकटों-मुसीबतों को झेलते हुए भी। मुझे मंत्रियों से अपॉइंटमेंट नहीं मिलता था। मंत्री कहते थे कि फोन पर बात कर लेंगे, पर मिलेंगे नहीं, कहीं फोटो ना खिंच जाए।

मेरे यहां बड़ी प्राकृतिक आपदा आई। मैंने पीएम को बुलाया देख लीजिए। कोई हेलिकॉप्टर से निरीक्षण करे तो आश्चर्य नहीं। दक्षिण का कार्यक्रम था, कहा गया कि हम हवाई जहाज से देख लेंगे पर आएंगे नहीं।

03:10 PM 7 फ़रवरी 2024

अपने युवराज को स्टार्टअप बनाकर दिया, ना वो लिफ्ट हो रहा ना ही वो लॉन्च हो रहा

मर्यादा इतनी गिर गई है कि अपने युवराज को स्टार्टअप बनाकर दिया है। वो नॉन स्टार्टर है। ना वो लिफ्ट हो रहा है और ना ही वो लॉन्च हो रहा है। आदरणीय राष्ट्रपति जी… आदरणीय सभापति जी (संबोधन में गलती के बाद कांग्रेस ने विरोध किया)। इस पर पीएम मोदी बोले- बधाई हो, बधाई हो, बधाई हो।

03:09 PM 7 फ़रवरी 2024

इनका हाथ जहां भी लगता है, उसका डूबना तय है

पीएसयू की नेटवर्थ इस 10 साल में 9.5 लाख करोड़ से 17 लाख करोड़ हो गई है। इनका हाथ जहां भी लगता है, उसका डूबना तय है। भ्रम मत फैलाइए, बाजार में हवा मत फैलाइए कि सामान्य निवेशक भ्रम में आ जाए।

03:06 PM 7 फ़रवरी 2024

2014 में देश में 234 पीएसयू थे, आज 254 हैं

प्रचार किया जा रहा है कि पीएसयू बंद हो गए। याद भी नहीं होगा। 2014 में देश में 234 पीएसयू थे। आज 254 हैं। भाई कौन सा अर्थमेटिक्स वो जानते हैं। बेचने के बाद भी ये बढ़ कैसे गए।

आज अधिकतर पीएसयू रिकॉर्ड रिटर्न दे रहे हैं। इन्वेस्टर्स का भरोसा बढ़ रहा है। बीएसई पीएसयू इंडेक्स में एक दशक के दौरान दोगुनी उछाल हुई है। 10 साल पहले पीएसयू का नेट प्रॉफिट करीब सवा लाख करोड़ था। 10 वर्ष में नेट प्रॉफिट ढाई लाख करोड़ है।

03:05 PM 7 फ़रवरी 2024

एक कमांडो यहां नहीं हैं, LIC को लेकर क्या-क्या बयान देते थे

एक कमांडो यहां नहीं है। एलआईसी को लेकर बयान देते थे। ऐसा हो गया, वैसा हो गया। तरीका यही है, किसी को बर्बाद करना है अफवाह और झूठ फैलाओ। गांव में किसी का बंगला लेना हो तो हवा फैला देते हैं कि ये भूत बंगला है।

एलआईसी को लेकर क्या चलाया। मैं सीना तानकर सुनाना चाहता हूं। आज एलआईसी के शेयर रिकॉर्ड स्तर पर हैं।

03:04 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस ने बीएसएनएल-एमटीएनएल को बर्बाद किया

कांग्रेस ने बोला कि हमने पीएसयू डुबो दिए। याद कीजिए बीएसएनएल-एमटीएनएल को बर्बाद करने वाले कौन थे। कौन सा कालखंड था। एचएएल की दुर्दशा करके रखी थी। गेट पर भाषण देकर 2019 का चुनाव लड़ने का एजेंडा इसी नाम पर तय किया। एअर इंडिया को किसने तबाह किया। ये हाल किसने किया। कांग्रेस और यूपीए ये 10 साल की उनकी बर्बादी से मुंह नहीं मोड़ सकते हैं।

हमारे कार्यकाल की सफलता बताता हूं। आपने जिस बीएसएनएल को तबाह किया था, वो बीएसएनएल मेड इन इंडिया फोर जी. फाइव जी चला रहा है। एचएएल रिकॉर्ड मेन्युफैक्चरिंग कर रहा है। रिकॉर्ड रेवेन्यू जेनरेट कर रहा है। कर्नाटक में एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर बनाने वाली कंपनी बन गई है।

03:02 PM 7 फ़रवरी 2024

देश को याद है मारुति के शेयर का क्या खेल चल रहा था

कुछ बातें बोलता हूं, मीडिया जरा इन पर डिबेट कर ले। सरकारी कंपनियों को लेकर हम पर आरोप लगे। सिरपैर नहीं बस लगा दिए। देश को याद है मारुति के शेयर का क्या खेल चल रहा था। गहराई में नहीं जाना चाहता। देश को जानना जरूरी है, मेरे विचार भी आजाद हैं, मेरे सपने भी आजाद हैं। गुलामी की मानसिकता वाले वही कागज लेकर घूमते हैं।

03:00 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस निराशा के गर्त में डूब चुकी है

आप पर दया आ जाती है कभी-कभी। सबका साथ सबका विकास नारा नहीं, मोदी की गारंटी है। किसी ने कविता भेजी थी। मोदी की गारंटी का दौर है, नए भारत की भोर है। आउट ऑफ वारंटी चल रही दुकानें खोज रहीं ठौर।

देश में निराशा फैलाने का प्रयास हो रहा है। निराशा की गर्त में डूब चुके हैं। वो ना खुद का भला कर पाएंगे और ना ही देश का। हर बार एक ही गाना गाया जाता है। बिना हकीकत बातें बोली जाती हैं।

02:58 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस हमारी सरकार की उपलब्धियों को नकारती है

120 एकलव्य मॉडल स्कूल थे और आज 400 हैं। इन बातों को क्यों नकारते हैं आप। एक सेंट्रल ट्राइबल यूनिवर्सिटी थीं, आज 2 हैं। ये भी सच्चाई है कि लंबे अरसे तक गरीब-पिछड़े आदिवासी बेटे-बेटियां कॉलेज नहीं देख पाते थे। गुजरात में जब मैं सीएम बना तो चौंकाने वाला एनालिसिस सामने आया। पूरी आदिवासी बहुल बेल्ट, जहां दिग्विजय सिंह के दामाद भी हैं। साइंस स्ट्रीम के स्कूल ही नहीं थे, ऐसी मिनिमम चीजें।सदन को गर्व होगा, ऐसी सरकार बात कर रही है, जहां बड़ा परिवर्तन आया है।

उच्च शिक्षा में एससी विद्यार्थियों का नामांकन 44 फीसदी बढ़ा है। एसटी का नामांकन 65 फीसदी बढ़ा है। हायर एजुकेशन में ओबीसी समाज का नामांकन 45 फीसदी बढ़ा है। जब मेरे गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी परिवारों के बच्चे डॉक्टर-इंजीनियर बनेंगे तो समाज के अंदर नया वातावरण बनेगा।

02:54 PM 7 फ़रवरी 2024

यहां शिक्षा के भ्रामक आंकड़े रखे गए

तथ्यों को इस तरह से नकारने से किसका भला होगा। ऐसा करके अपनी क्रेडिबिलिटी भी खो रहे थे। यहां शिक्षा के भ्रामक आंकड़े रखे गए। 10 साल में एससी-एसटी स्टूडेंट्स की स्कॉलरशिप में बढ़ोतरी हुई है। स्कूलों में हायर एजुकेशन में नामांकन बढ़ा और ड्रॉप आउट कम हुआ।

02:52 PM 7 फ़रवरी 2024

हमने जितना काम किया है, ये एससी-एसटी-ओबीसी समाज के लिए है

हमने जितना काम किया है, ये एससी-एसटी-ओबीसी समाज के लिए है। उन्हें पक्का घर मिला है, समाज में स्थान मिला है। स्वच्छता के अभाव में हर वर्ग बीमारी से जूझ रहा था, उन्हें स्वच्छ भारत अभियान का लाभ देने का काम हमने किया है। माताएं-बहनें धुएं में स्वास्थ्य संकट झेल रही थीं। हमने उज्ज्वला गैस दी। मुफ्त राशन, मुफ्त गैस के लाभार्थी यही लोग हैं।

02:50 PM 7 फ़रवरी 2024

पहली बार NDA ने एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाने का काम किया

देश में पहली बार NDA ने एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाने का काम किया। उन्हें उम्मीदवार बनाया। वैचारिक विरोध एक बात है। ऐसा होता तो आपने सामने कैंडिडेट खड़ा किया होता। हमारे यहां से गया व्यक्ति आपने उम्मीदवार बना दिया। आपका विरोध एक आदिवासी बेटी से था।

राष्ट्रपतिजी का अपमान करने की घटनाएं कम नहीं हैं। जिम्मेदार लोगों के लिए ऐसी भाषा बोली गई। दलित और आदिवासी हमेशा हमारी प्राथमिकता रहे। गरीब कल्याण की नीतियों की बात करते हैं, आप इन्हें जानते हो तो सोचिए।

02:49 PM 7 फ़रवरी 2024

सीताराम केसरी को उठाकर फुटपाथ पर फेंक दिया

सीताराम केसरी अति पिछड़ी जाति से थे, कांग्रेस के अध्यक्ष थे, उन्हें उठाकर फुटपाथ पर फेंक दिया गया। ये वीडियो देश ने देखा। इनके मार्गदर्शक अमेरिका में बैठे हैं। वो पिछले चुनाव में ‘हुआ तो हुआ’ के लिए फेमस हो गए थे। कांग्रेस इस परिवार के काफी करीब है। उन्होंने संविधान निर्माता अंबेडकर के योगदान को छोटा करने का भरपूर प्रयास किया।

02:45 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के एससी-एसटी, ओबीसी को 7 दशकों तक उनके अधिकारों से वंचित रखा

एक कोट नेहरूजी का पढ़ रहा हूं। नेहरूजी ने जो कहा वो कांग्रेस के लिए पत्थर की लकीर होता है। आपकी सोच ऐसे कई उदाहरणों से सिद्ध होती है। एक उदाहरण जरूर दूंगा। जम्मू-कश्मीर का उदाहरण। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के एससी-एसटी, ओबीसी को 7 दशकों तक उनके अधिकारों से वंचित रखा। आर्टिकल 370, हम जितनी जीतेंगे उसकी बात नहीं कर रहा हूं। आर्टिकल 370 को निरस्त किया तो एससी-एसटी-ओबीसी को अधिकार मिले, जो देश के लोगों को बरसों से मिले हुए थे।

जम्मू-कश्मीर में फॉरेस्ट राइट एक्ट नहीं मिला था। प्रिवेंशन ऑफ एट्रोसिटी एक्ट नहीं था। 370 हटाकर हमने ये अधिकार उन्हें दिए। हमारे एससी समुदाय में सबसे पीड़ित वाल्मीकि समाज रहा, उन परिवारों को भी 7 दशक बाद भी जम्मू-कश्मीर में डोमेसाइल का अधिकार नहीं दिया गया था।

आज देश को भी बताना चाहता हूं कि स्थानीय निकायों में ओबीसी के आरक्षण का विधेयक भी कल 6 फरवरी को पारित कर दिया गया है।

02:42 PM 7 फ़रवरी 2024

नेहरूजी ने कहा- मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता

मैं आदरपूर्वक नेहरूजी को ज्यादा याद करता हूं। एक बार नेहरूजी ने चिट्ठी मुख्यमंत्रियों को लिखी। लिखा था- मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता। खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं, जो अकुशलता को बढावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए। ये पंडित नेहरू ने सीएम को लिखा था।

तब मैं कहता हूं कि जन्मजात विरोधी हैं। वो कहते थे कि अगर एससी-एसटी, ओबीसी को आरक्षण मिला तो सरकारी कामकाज का स्तर गिर जाएगा। आज जो आंकड़े गिनाते हैं ना उसका मूल यहां है। उस समय सरकार में भर्ती हुई होती और वो प्रमोशन करते आगे बढ़ते तो आज यहां पर पहुंचते।

02:41 PM 7 फ़रवरी 2024

दलित, पिछड़े और आदिवासी की कांग्रेस जन्मजात विरोधी रही

जाति की बात होने लगी, क्यों जरूरत पड़ गई। अपने गिरेबान में झांके। दलित, पिछड़े और आदिवासी की कांग्रेस जन्मजात विरोधी रही। बाबा साहेब ना होते ना तो शायद एससी-एसटी को आरक्षण मिलता या नहीं, ये भी मालूम नहीं। मेरे पास प्रमाण है। इनकी सोच आज से नहीं, उस समय से ऐसी है। मैं प्रमाण के बिना यहां नहीं आया। बातें उठी हैं तो तैयारी रखनी चाहिए। मेरा परिचय तो हो चुका है ना 10 साल हो गए।

02:40 PM 7 फ़रवरी 2024

इस सदी का स्वार्थी एजेंडा मैं और मेरा वाला नहीं चलेगा

राष्ट्रपति ने अभिभाषण मे्ं 4 सबसे बड़ी जातियों के विषय में सम्बोधित किया था- युवा, नारी, गरीब और अन्नदाता। इनकी समस्याएं एक समान हैं, उनके सपने भी एक समान हैं और उसके समाधान करना है तो रास्ते भी एक ही हैं इसीलिए इन चार स्तंभों को मजबूत करें और देश विकसित भारत की ओर बढ़ेगा। 21वीं सदी में विकसित भारत के लिए 20वीं सदी की सोच नहीं चल सकती है। इस सदी का स्वार्थी एजेंडा मैं और मेरा वाला नहीं चलेगा।

02:39 PM 7 फ़रवरी 2024

मान्यताओं और परंपराओं को गाली देते हैं तो आप प्रोग्रेसिव हैं, ये नैरेटिव गढ़े जाते थे

भारत की संस्कृति और संस्कार मानने वालों को दकियानूसी माना जाता था। अपनी मान्यताओं और परंपराओं को गाली देते हैं तो आप प्रोग्रेसिव हैं, ये नैरेटिव गढ़े जाते थे। ये परंपरा कहां से शुरू होती थी, ये देश जानता है। मेड इन फॉरेन को स्टेटस बना दिया था। वोकल फॉर लोकल बोलने से डर रहे हैं। आत्मनिर्भर और मेक इन इंडिया कोई बोलता है तो पेट में चूहे दौड़ते हैं। देश देख चुका है और समझ भी चुका है, उसी का परिणाम आप भुगत रहे हैं।

02:38 PM 7 फ़रवरी 2024

राजपथ को कर्तव्य पथ बनने के लिए मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा

आप अंग्रेजों से प्रेरित नहीं थे, तो हमारी सेनाओं के चिह्नों पर गुलामी के प्रतीक क्यों बने थे। राजपथ को कर्तव्य पथ बनने के लिए मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूहों पर अंग्रेजी सत्ता के निशान क्यों लटके थे। इस देश के सेना के जवान मिटते रहे, उनके सम्मान में एक वार मेमोरियल तक नहीं बना पाए। भारतीय भाषाओं को हीन भावना से क्यों देखा। भारत को मदर ऑफ डेमोक्रेसी बताने में कौन रोकता था। सैकड़ों उदाहरण दे सकता हूं कि किस प्रभाव में काम करते थे।

02:37 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस अंग्रेजों से इंस्पायर्ड थी, उनका कल्चर और कानून चलाया

सदन में अंग्रेजों को याद किया गया। अब राजा-महाराजाओं का नाता रहा। अब मैं जरा पूछना चाहता हूं कि अंग्रेजों से कौन इन्सपायर्ड था। कांग्रेस को जन्म किसने दिया था, ये तो नहीं पूछूंगा। आजादी के बाद देश में गुलामी की मानसिकता को किसने बढ़ावा दिया। आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे, तो उनकी बनाई दंड संहिता क्यों नहीं बदली। अंग्रेजों के जमाने के सैकड़ों कानून क्यों चलते रहे। लाल बत्ती कल्चर क्यों चलता रहा। भारत का बजट शाम को 5 बजे आता था, क्योंकि ये ब्रिटिश पार्लियामेंट शुरू होने का समय था। कौन इंस्पायर्ड था अंग्रेजों से।

02:34 PM 7 फ़रवरी 2024

पॉलिसी पैरालिसिस कांग्रेस की पहचान बन गई

उसके पहले एक और प्रधानमंत्री, उन्होंने कहा था कि दिल्ली से एक रुपया जाता है और 15 पैसा पहुंचता है। बीमारी का पता था, सुधार करने की तैयारी नहीं थी। आज बातें तो बड़ी-बड़ी की जाती हैं। कांग्रेस के 10 साल का इतिहास देखिए। पॉलिसी पैरालिसिस उनकी पहचान बन गई। हमारे 10 वर्ष टॉप 5 इकोनॉमी., बड़े फैसलों के लिए याद किए जाते हैं।

02:30 PM 7 फ़रवरी 2024

मनमोहन सिंह ने कहा था- देश में व्यापक गुस्सा है

एक कोट पढ़ता हूं मैं- सदस्यगण जानते हैं कि हमारी ग्रोथ धीमी हो गई है और फिस्कल डेफिसिट, महंगाई दर 2 साल से बढ़ रही है। करंट अकाउंट डेफिसिट हमारी उम्मीदों से ज्यादा बढ़ रहा है। ये आदरणीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी ने अपने कार्यकाल में कहा था। उन्होंने वर्णन किया था।

दूसरा कोट पढ़ता हूं- देश में व्यापक गुस्सा है, पब्लिक ऑफिस के मिसयूज को लेकर गुस्सा है। ये भी मैंने नहीं कहा, ये मनमोहन सिंह जी कह रहे थे। भ्रष्टाचार को लेकर पूरा देश सड़कों पर था। गली-गली में आंदोलन चल रहे थे।

तीसरा कोट पढ़ता हूं- टैक्स कलेक्शन में भ्रष्टाचार होता है, इसके लिए जीएसटी लाना चाहिए। राशन की योजना में लीकेज है, देश का गरीब सबसे अधिक पीड़ित है। इसे रोकने के लिए उपाय खोजने होंगे। सरकारी ठेके जैसे दिए जा रहे हैं, उस पर शक होता है। ये बातें भी मनमोहनजी ने कहा था।

02:29 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस के खिलाफ इतना गुस्सा देश को क्यों आया

यहां एक शिकायत थी और उनको लगता है कि हम ऐसा क्यों कहते हैं, हम ऐसा क्यों देख रहे हैं। देश-दुनिया उनके 10 साल के कार्यकाल को ऐसे क्यों देखती थी। देश क्यों नाराज था। इतना गुस्सा देश को क्यों आया। हमारे कहने से सब नहीं हुआ है। खुद के कर्मों के फल इसी जन्म में भुगतने होते हैं। हम किसी को बुरा नहीं कहते हैं, जब उन्हीं को लोगों ने बहुत कुछ कहा हो तो मुझे कहने की क्या जरूरत है।

02:27 PM 7 फ़रवरी 2024

अंबेडकर को भारत रत्न योग्य नहीं मानने वाले उपदेश दे रहे हैं

10 साल में अर्थव्यवस्था 12 से 11 नंबर पर लाई, हम 10 साल में 5 नंबर पर ले आए। ये हमें यहां आर्थिक नीतियों पर भाषण सुना रहे हैं। जिस कांग्रेस ने ओबीसी को पूरा आरक्षण नहीं दिया, सामान्य वर्ग के गरीबों को आरक्षण नहीं दिया, अंबेडकर को भारत रत्न योग्य नहीं माना। ये हमें उपदेश दे रहे हैं।जिस कांग्रेस के अपने नेता की कोई गारंटी नहीं है, अपनी नीति की गारंटी नहीं है, वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।

02:26 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस आजादी के बाद से ही कंफ्यूज रही

जिस कांग्रेस ने जात-पात और भाषा के नाम पर देश को बांटने में कसर नहीं छोड़ी, आतंकवाद-अलगाववाद को अपने हित में पनपने दिया, नॉर्थ ईस्ट को पिछड़ेपन में ढकेल दिया, नक्सलवाद को चुनौती बना दिया, देश की जमीन दुश्मनों के हवाले कर दी, सेना का आधुनिकीकरण नहीं होने दिया। आजादी के बाद से ही कंफ्यूज ही रही, उन्हें उद्योग जरूरी है कि खेती, इसी में उलझे रहे। नेशनलाइजेशन करना है या प्राइवटाइजेशन करना है, इसी में उलझी रही।

02:25 PM 7 फ़रवरी 2024

कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया

आज बहुत बड़ी बातें होती हैं, सुनने की ताकत खो चुके हैं। जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था। जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से सरकारों को भंग कर दिया था। जिस कांग्रेस ने देश के संविधान, लोकतंत्र की मर्यादा को जेल की सलाखों के पीछे बंद कर दिया था। जिस कांग्रेस ने अखबारों पर ताले लगाने की कोशिश की। जो कांग्रेस देश को तोड़ने के नैरेटिव गढ़ता गया, नया शौक पैदा हुआ। इतना तोड़ा कम नहीं है, अब उत्तर-दक्षिण को तोड़ने के लिए बयान दिए जा रहे हैं। ये कांग्रेस हमें लोकतंत्र पर प्रवचन दे रही है।

02:24 PM 7 फ़रवरी 2024

मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 सीटें बचा पाएं

मैंने एक प्रार्थना की। पश्चिम बंगाल से आपको जो चैंलेज मिला है कि कांग्रेस 40 पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं। मोदी का इशारा ममता बनर्जी के बयान पर था, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को 40 सीटें भी नहीं मिलने का दावा किया था।

02:18 PM7 फ़रवरी 2024

आप मेरी आवाज दबा नहीं सकते- मोदी

मोदी बोले- मुझे पिछले साल का प्रसंग याद है। हम सदन में बैठते थे। हम धैर्य के साथ आपके एक-एक शब्द को सुनते रहे। आज भी आप न सुनने की तैयारी के साथ आए हैं, लेकिन मेरी आवाज आप दबा नहीं सकते। देश की जनता को इस आवाज को ताकत दी है। इसलिए मैं भी पूरी तैयारी के साथ आया हूं। आपने डेढ़-दो घंटे जो जुल्म किए, लेकिन मैंने मर्यादा नहीं तोड़ी।

02:16 PM 7 फ़रवरी 2024

खड़गे जी ने कमांडरों के न होने का फायदा उठाया- मोदी

मोदी बोले- मैं सोच रहा था कि उन्हें इतना बोलने की आजादी मिली कैसे। उनके साथ दो कमांडर रहते थे, वो नहीं थे। इसका खड़गे जी भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने वो गाना जरूर सुना होगा- ऐसा मौका कहां मिलेगा। खड़गे जी को एंपायर नहीं थे, तो चौके-छक्के मारने में मजा आ रहा था। उनका आशीर्वाद मेरे सिर-आंखों पर है।

02:14 PM 7 फ़रवरी 2024

उस दिन बहुत आनंद आया- मोदी

मैं उस दिन कह नहीं पाया, लेकिन खड़गे जी का भी आभार व्यक्त करता हूं। ऐसा आनंद आया, जो बहुत कम मिलता है। आजकल वे दूसरी ड्यूटी पर हैं।

02:03 PM 7 फ़रवरी 2024

मोदी राज्यसभा पहुंच गए हैं

बहस का जवाब देने पीएम मोदी राज्यसभा पहुंच गए हैं।

02:02 PM 7 फ़रवरी 2024

मोदी कुछ देर में राज्यसभा में संबोधित करने वाले हैं

पीएम मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में जवाब देने वाले हैं।

Exit mobile version